हरियाणा विधानसभा में गिरा विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, खट्टर सरकार बरकरार
चंडीगढ़
हरियाणा विधानसभा में बुधवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाली बीजेपी-जेजेपी सरकार के विरुद्ध पेश किया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। अविश्वास प्रस्ताव पर कराई गई वोटिंग के दौरान 32 सदस्य इसके पक्ष में दिखे, जबकि 55 सदस्य विपक्ष में खड़े हुए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया। विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाले हरियाणा मंत्रिमंडल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
जानकारी के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद अध्यक्ष ने मंत्रिमंडल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को स्वीकार किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे नेता प्रतिपक्ष (भूपेंद्र सिंह हुड्डा) और कांग्रेस के 27 अन्य विधायकों की ओर से अविश्वास प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। अध्यक्ष ने नोटिस को स्वीकार किया और चर्चा के लिए दो घंटे का समय तय किया, जिसे बाद में बढ़ा दिया गया।
90 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में सदस्यों की कुल संख्या 88 है, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा के 40 सदस्य, जेजेपी के दस और कांग्रेस के 30 सदस्य हैं। सात निर्दलीय विधायक हैं और एक सदस्य हरियाणा लोकहित पार्टी का है, जिसने सरकार को अपना समर्थन दिया हुआ है।
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा में कहा कि अविश्वास कांग्रेस की पुरानी संस्कृति है, अगर कोई बात पसंद न आए तो अविश्वास पैदा कर दीजिए। कांग्रेस संगठन के अंदर भी अविश्वास देखने को मिलता है। अविश्वास की कार्यशैली कांग्रेस को लाभ नहीं देने वाली, विश्वास ही लाभ देगा। हालांकि इस अविश्वास को पार्टी के भीतर देखा जा सकता है, जिसमें आज पीसी चाको ने पार्टी छोड़ दी। जब पार्टी चुनाव हार जाती है, तो इन्हें ईवीएम पर विश्वास नहीं होता है, सर्जिकल स्ट्राइक के लिए, इसने सबूत मांगा। 'अलोचना की खातिर अलोचना नहीं करनी चाहिए'। अगर कांग्रेस सत्ता में है, तो सब ठीक है, लेकिन अगर भाजपा है तो ठीक नहीं है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में बोलते हुए कहा कि 10 साल ये नारा लगा कि 'हुड्डा तेरे राज में किसान की जमीन गई ब्याज में'। हमने पिछले 1 साल में 30,000 करोड़ रुपये की अलग-अलग फसलें MSP पर खरीदी हैं। पिछली बार 1800 खरीद केंद्र बनाए थे। इस बार भी प्रत्येक किसान को विश्वास दिलाते हैं कि जैसे ही मंडी में आपका जे फॉर्म कटेगा, उसके 2 दिन के अंदर आपके खाते में पैसे पहुंच जाएंगे।

पाठको की राय